ताजा खबर

केंद्रीय बजट उद्योगपतियों के पक्ष में, आम जनता उपेक्षित: ज्योत्सना महंत
02-Feb-2026 11:59 AM
केंद्रीय बजट उद्योगपतियों के पक्ष में, आम जनता उपेक्षित: ज्योत्सना महंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 2 फरवरी। लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बजट को उद्योगपतियों के हित में बना निराशाजनक बजट करार देते हुए कहा कि इसमें आम नागरिकों की जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।

सांसद महंत ने कहा कि प्रस्तुत बजट आम जनता के जीवन को राहत देने में विफल रहा है। बजट की प्राथमिकताएं बड़े कारोबारी समूहों के इर्द-गिर्द केंद्रित दिखाई देती हैं, जबकि आम आदमी, मध्यम वर्ग और गरीब तबके के लिए ठोस प्रावधान नदारद हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों की अनदेखी की गई है, जबकि चुनावी राज्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। यह क्षेत्रीय असंतुलन दर्शाता है और संघीय ढांचे की भावना के विपरीत है। ज्योत्सना महंत ने कहा कि देश में बेरोज़गारी और किसानों की समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं, लेकिन बजट में इन मुद्दों के समाधान के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किए गए। युवाओं के रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर बजट में कोई ठोस दिशा दिखाई नहीं देती।

सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह बजट न तो मध्यम वर्ग को राहत देता है और न ही देश के युवाओं व किसानों की वास्तविक समस्याओं को दूर नहीं करता है। रेलवे सुविधाओं के संदर्भ में भी बजट को उन्होंने देशवासियों के लिए पूरी तरह निराशाजनक बताया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को देश की जनता को यह बताना चाहिए कि यह बजट आम और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए आखिर क्या लेकर आया है।


अन्य पोस्ट