ताजा खबर

विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट: अरुण साव
02-Feb-2026 2:55 PM
विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट: अरुण साव

आम नागरिकों का जीवन सरल बनाने वाला, विकास और आत्मनिर्भरता को गति देने वाला बजट
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 2 फरवरी । छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्रीय सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए इसे विकसित भारत की नींव रखने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश यह बजट देश के हर वर्ग और हर क्षेत्र की जमीनी जरूरतों को समझकर तैयार किया गया है, जिससे आम नागरिकों का जीवन अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगा।

साव ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए आर्थिक सुधारों की यह बजट निरंतरता को और मजबूती देता है। वैश्विक महामारी जैसी कठिन चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था को योजनाबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया गया, जिसके परिणामस्वरूप भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। इस मजबूत आधार पर प्रस्तुत बजट आने वाले वर्षों में तेज विकास की रफ्तार तय करेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक सुधारों का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचा है। करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार और उत्पादन बढ़ाकर निर्यात को प्रोत्साहन। इन सभी पहलों से देश की अर्थव्यवस्था लगातार सशक्त हो रही है। नया बजट इन प्रयासों को और आगे बढ़ाने वाला है।

अरुण साव ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने रांची और तेजपुर के मानसिक स्वास्थ्य अस्पतालों के उन्नयन, वहां अनुसंधान सुविधाओं के विकास तथा मधुमेह और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं की कीमतों में कमी को आम जनता के हित में बड़ा कदम बताया। साथ ही, खादी, ग्रामोद्योग और हथकरघा को बढ़ावा देकर ग्रामीण और घरेलू स्तर पर कार्य करने वालों को सशक्त बनाने की योजना को रोजगार सृजन के लिहाज से प्रभावी बताया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माइनिंग कॉरिडोर, अवसंरचना विकास और निर्यात बढ़ाने से आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी अभियान और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने हेतु शी- मार्ट जैसी पहलें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सहायक होंगी।

 


अन्य पोस्ट