ताजा खबर

किसानों का तहसील कार्यालय के सामने धरना, धान खरीदी की मांग
02-Feb-2026 1:45 PM
किसानों का तहसील कार्यालय के सामने धरना, धान खरीदी की मांग

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
पिथौरा, 2 फरवरी।
पूर्व घोषणा के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 11 बजे ग्राम जम्हर सहित आसपास के क्षेत्रों के किसान तहसील कार्यालय घेराव के लिए पहुंचे। मौके पर पुलिस बल की तैनाती के कारण किसानों को तहसील कार्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद किसान तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
किसान अपने पंजीकृत धान की खरीदी की मांग को लेकर लगभग 100 ट्रैक्टरों में धान भरकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। किसानों का कहना है कि उनकी फसल की खरीदी नहीं होने और कर्ज दायित्व बढऩे के कारण वे यह मांग करने आए हैं। धरने में सर्वदलीय किसान संघ से जुड़े किसान भी शामिल हैं।

इस दौरान किसानों की मांग पर तहसीलदार मनीषा देवांगन धरना स्थल पर पहुंचीं और किसानों से चर्चा की। तहसीलदार ने किसानों को बताया कि उनकी मांगों को उच्च स्तर तक भेजा जाएगा और संबंधित निर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आंदोलन में भाजपा नेताओं की मौजूदगी
किसानों के इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा से जुड़े नेता करते हुए दिखाई दिए। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेमशंकर पटेल एवं सादराम पटेल आंदोलन के प्रमुख प्रतिनिधियों के रूप में मौजूद थे।
समाचार लिखे जाने दोपहर एक बजे तक किसान तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे हुए थे और उच्च अधिकारियों से निर्देश की प्रतीक्षा कर रहे थे।


अन्य पोस्ट