ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गेवरा–सेंदुरगढ़ रेलवे लाइन निर्माण परियोजना के तहत करोड़ों रुपये के सामान की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटघोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कंपनी ऑपरेटर और एक कबाड़ व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य का लोहा और पुराने रेलवे ट्रैक चोरी किए जाने की पुष्टि हुई है।
यह मामला शिवकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है। कंपनी के मुख्य परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र कुमार जांगिड़ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिंगहिया और सुतरा स्थित स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के लोहे के सामान गायब हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित किया गया, जिसकी अगुवाई एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत ने की।
जांच के दौरान जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि 20 जनवरी को कोई बाहरी चोरी नहीं हुई थी, बल्कि कंपनी के भीतर के ही लोग इस घोटाले में शामिल थे। पूछताछ में कंपनी में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत तेजबहादुर पटेल ने स्वीकार किया कि वह पिछले चार महीनों से चुपचाप लोहे का स्क्रैप और पुराने ट्रैक के टुकड़े बेच रहा था।
पुलिस ने इस मामले में तेजबहादुर पटेल (26 वर्ष), निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है जो वर्तमान में सुतरा में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। उसके कब्जे से चोरी में जेसीबी और नकद राशि जब्त की गई। गिरफ्तार दूसरा आरोपीराहुल सिंह मरकाम (28 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती कटघोरा का निवासी है। वह चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ व्यापारी है। दोनों के पास से लगभग दो क्विंटल रेलवे ट्रैक के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।


