ताजा खबर

नई नियुक्तियों से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, विधानसभा से सड़कों तक भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे-बैज
22-Jan-2026 10:56 AM
नई नियुक्तियों से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी, विधानसभा से सड़कों तक भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे-बैज

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत, पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए शपथ ग्रहण समारोह में  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 जनवरी। नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी नेतृत्व ने एकजुटता और संघर्ष का संदेश देने का प्रयास किया। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर नियुक्तियों से संगठन को नई ताकत मिली है। अब पार्टी विधानसभा से लेकर सड़कों तक भाजपा सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ेगी।

कांग्रेस भवन में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैज ने कहा कि संगठनात्मक पुनर्गठन के बाद कार्यकर्ताओं की पसंद से नेतृत्व सामने आया है। युवाओं को भी मौका मिला है। जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की भूमिका 24 घंटे की होती है। संगठन को मजबूत करना ही प्राथमिक लक्ष्य है। 2028 में कांग्रेस सरकार बनाना पार्टी का संकल्प है।

बैज ने कहा कि मौजूदा सरकार से कोई वर्ग संतुष्ट नहीं है। भाजपा की राजनीति फूट डालो और राज करो पर आधारित है। कांग्रेस को घर-घर जाकर लोगों से जुड़ना होगा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि सभी को परिवार की तरह रहकर काम करना चाहिए। गुटबाजी से बचते हुए एकजुट रहते हुए नैतिक राजनीति जरूरी है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि चुनाव जीतना ही नहीं, विचारधारा की लड़ाई भी है। हर कार्यकर्ता को अपने बूथ की जिम्मेदारी लेनी होगी, तभी सफलता मिलेगी।

समारोह में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता जयसिंह अग्रवाल, विधायक देवेंद्र यादव व अटल श्रीवास्तव सहित कई नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन ऋषि पांडेय ने किया।

शहर आगमन पर नेहरू चौक में दीपक बैज का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने क्रेन से विशाल माला पहनाई और उन्हें लगभग 80 किलो लड्डुओं से तौला।


अन्य पोस्ट