ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 दिसंबर। मार्निंग वॉक पर निकले युवक को पीछे से तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कार की पहचान कर ली गई है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद कार चला रहे ड्राइवर की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
उसलापुर के प्रकृति विहार निवासी रवि सिंह ठाकुर (39) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वे 23 दिसंबर की सुबह मार्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान उन्होंने अपने दोस्त यजुर तिवारी को मोबाइल पर कॉल कर स्मार्ट रोड की ओर बुलाया था। रवि फोन पर बात ही कर रहे थे कि पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कार चालक मौके से तेजी से फरार हो गया। फोन कॉल अचानक कटने और शोर सुनकर दोस्त यजुर तिवारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और घायल रवि को अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार चालक ने जानबूझकर टक्कर मारी और फिर कार भगाकर ले गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार की पहचान कर ली है।
पुलिस के अनुसार कार मालिक शहर का एक कारोबारी है। चर्चा है कि घटना के समय कार उसका बेटा चला रहा था और कार में एक युवती भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि कार में मस्ती के दौरान राह चलते युवक को जानबूझकर टक्कर मारी गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि दुर्घटना का अपराध दर्ज कर लिया गया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।


