ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 दिसंबर। दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा और हौसले को मंच देते हुए बिलासपुर में पहली बार व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग और नगर निगम बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में दयालबंद स्थित मिनी स्टेडियम खेल परिसर में यह मुकाबला खेला गया।
प्रतियोगिता में जिला बेमेतरा और बिलासपुर की टीमों के बीच 8-8 ओवर का मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेमेतरा की टीम ने 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 51 रन बनाए। जवाब में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच जीत लिया।
बिलासपुर की ओर से धनंजय यादव ने सर्वाधिक 33 रन बनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस मुकाबले का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया गया, जिसे पूरे छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों, दिव्यांगजनों से जुड़ी संस्थाओं और आम लोगों ने देखा। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने हर शॉट, कैच और फील्डिंग पर तालियां बजाकर दिव्यांग खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन का उद्देश्य “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें खेलों से जोड़ना रहा। आयोजकों का कहना था कि ऐसे खेल न केवल आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगों के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर पर क्रिकेट खेलते देखना कल्पना से परे है, लेकिन खिलाड़ियों का हौसला प्रेरणादायी है।
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई, वहीं दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आर्ट ऑफ लिविंग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और जिला दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रशांत मोकासे ने किया।


