ताजा खबर
भारतीय पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने उन्नाव रेप केस में कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत मिलने और उस पर बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उन्नाव रेप केस सिर्फ़ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि यह बताता है कि भारत में ताक़तवर लोगों के लिए क़ानून कितना नरम और पीड़ितों के लिए कितना कठोर हो सकता है.”
उन्होंने कहा, “इससे भी ज़्यादा चिंताजनक है, सत्ता से जुड़े नेताओं का दोषियों के पक्ष में खुलकर बोलना. उन्नाव रेप केस में दोषी करार दिए जा चुके कुलदीप सेंगर के समर्थन में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आना बताता है कि समस्या सिर्फ अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक संरक्षण की मानसिकता अब भी ज़िंदा है.”
इससे पहले पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था, “मैं कुलदीप सिंह सेंगर जी को ज़मानत मिलने का स्वागत करता हूं, उनके साथ अन्याय हुआ था.”
उन्नाव रेप मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत दी है. वो इस मामले में उम्रकैद की सज़ा काट रहे थे. कोर्ट के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है. (bbc.com/hindi)


