ताजा खबर

समिति प्रबंधक ने की खुदकुशी, लोन विवाद को लेकर तनाव की आशंका
26-Dec-2025 7:40 PM
समिति प्रबंधक ने की खुदकुशी, लोन विवाद को लेकर तनाव की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर, 26 दिसंबर। सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरजू धान खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक दिनेश गुप्ता  ने देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार की सुबह उनका शव कमरे में फांसी के फंदे से झूलता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम दिनेश गुप्ता सहकारी समिति से घर लौटे थे। इसी दौरान किसी का फोन आने पर वे देर रात फिर से समिति गए और करीब रात 1 से 1.30 बजे के बीच वापस घर आए।

 परिजनों के मुताबिक, वे मानसिक रूप से तनावग्रस्त नजऱ आ रहे थे। आशंका है कि उन्होंने रात 2 बजे के बाद फांसी लगा ली। सुबह लगभग 5 बजे परिजनों ने उनका शव फंदे पर लटका देखा और नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घर में उनकी पत्नी और 27 वर्षीय बेटा मौजूद थे, जो घटना के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और परिजनों व परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि धान खरीदी के नए नियम और किसानों के लोन अमाउंट संबंधी विवाद को लेकर दिनेश गुप्ता बीते कुछ दिनों से तनाव में थे। एक किसान के केसीसी लोन खाते में वास्तविक राशि से अधिक अमाउंट दर्ज होने का मामला सामने आया था, जिसके चलते वे मानसिक दबाव महसूस कर रहे थे।

सीतापुर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने कहा कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।

 जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


अन्य पोस्ट