ताजा खबर

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार
26-Dec-2025 7:40 PM
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 दिसंबर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को सीतापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आपत्तिजनक, अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 25 दिसंबर को थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 471/25 के तहत धारा 353(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार आकांक्षा टोप्पो द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई टिप्पणियां न केवल जनप्रतिनिधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति को भी प्रभावित करने वाली बताई गई हैं। साथ ही उन पर सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में शासकीय भूमि और आंगनबाड़ी कार्यों से जुड़ी गतिविधियों पर झूठे आरोप प्रचारित करने का भी आरोप है।

पुलिस ने बताया कि पत्रकार न होते हुए भी आकांक्षा टोप्पो पत्रकारिता जैसा आचरण कर सोशल मीडिया का दुरुपयोग करती रही हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज होना पाई गई हैं।

मामले की विवेचना के दौरान बुधवार को पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट