ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़, 26 दिसंबर। धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत बोरो वन परिक्षेत्र के खम्हार उत्तर बीट क्षेत्र में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मृत्यु का मामला सामने आया है। यह घटना लोटान गांव के जंगल में कल शाम करीब 5.30 से 6 बजे के बीच हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लोकनाथ यादव पिता फिरूराम यादव, निवासी लोटान बकालो के रूप में हुई है। बताया गया कि लोकनाथ यादव अपने पालतू पशुओं को चराने जंगल गए थे। लौटते समय उनका सामना हाथी से हो गया, जिसके हमले में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। उनका आरोप है कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी समय पर साझा नहीं की जाती, जिससे लोगों को सतर्क रहने में कठिनाई होती है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि रात के समय हाथियों के डर से आवागमन सीमित हो जाता है। कुछ ग्रामीणों ने बीट स्तर पर निगरानी और सूचना तंत्र को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हाथियों की गतिविधियों से संबंधित सूचना सभी गांवों तक समय पर नहीं पहुंच पाती।
इस संबंध में बीट गार्ड लॉरेंस मिंज से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
प्रभारी रेंजर टी.पी. डनसेना ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुसार मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हाथियों का दल अभी सक्रिय है और ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा हाथी दिखने या उनकी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी और सूचना व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।


