ताजा खबर
श्रद्धांजलि सभा, युवा महोत्सव सहित कई कार्यक्रमों में शिरकत की केंद्रीय राज्य मंत्री ने
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 26 दिसंबर। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू गुरुवार को स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम, बिलासपुर में आयोजित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अटलजी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, लोकतंत्र में अटूट आस्था और उनका विचार-वैभव आने वाली पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन देता रहेगा।
सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत हितग्राहियों को उनके सपनों के आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण, पारदर्शिता और सुशासन के संकल्प को जमीन पर उतार रही है।
इसके बाद साहू अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय में आयोजित कुल महोत्सव में शामिल हुए। वहीं, नेहरू चौक स्थित जिला सहकारी बैंक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेते हुए उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सहकारिता के माध्यम से जनसेवा और आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने मिनी स्टेडियम, गांधी चौक में आयोजित अग्रवाल प्रीमियम लीग कार्यक्रम में भी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद वे राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आयोजित युवा महोत्सव के समापन कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा शक्ति को सशक्त बनाकर राष्ट्रनिर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद्, खिलाड़ी, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


