ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दुर्ग/भिलाई नगर, 26 दिसंबर। आज सुबह दुर्ग जिले के पुलगांव चौक पर सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
महिला भिलाई के एक निजी स्कूल में सफाईकर्मी थी तथा सुबह करीब 7 बजे काम पर जाने घर से निकली थी। महिला को ट्रक ने रौंद दिया और चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद चौक पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित भी रहा।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं।
उत्तरा रोज की तरह आज सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं। हादसा पुलगांव चौक पर तब हुआ जब राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।


