ताजा खबर
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का राज्यपाल ने किया समापन
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 26 दिसंबर। बहतराई बीआर यादव स्मृति स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का गुरुवार शाम रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच समापन हुआ। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस मंच पर दिखाई दी ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता यह प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ का भविष्य उज्ज्वल और सशक्त हाथों में है।
राज्यपाल ने कहा कि यह महोत्सव केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं था, बल्कि यह युवाओं के आत्मविश्वास, उनकी प्रतिभा की पहचान और सपनों को उड़ान देने का अवसर बना। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसके जंगल या खनिज नहीं, बल्कि उसका ऊर्जावान और मेहनती युवा है।
लोकनृत्य, लोकगीत, पंथी, राउत नाचा, चित्रकला, कविता, कहानी लेखन, वाद-विवाद जैसी विधाओं के माध्यम से युवाओं ने यह साबित किया कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक समय की समझ भी रखते हैं। राज्यपाल ने जनजातीय परंपराओं और लोक संस्कृति को मिले सम्मान पर विशेष गर्व जताया।
राज्यपाल डेका ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन असली हार तब होती है जब प्रयास बंद हो जाए। उन्होंने युवाओं से नौकरी खोजने के साथ-साथ अवसर सृजित करने की सोच विकसित करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर की धरती इस बात की साक्षी है कि यहां युवाओं के साथ कभी अन्याय नहीं होता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर अवसर मिल रहे हैं।
राज्यपाल रमेन डेका ने 14 विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कुल 33 लाख रुपये के पुरस्कार वितरित किए गए।
समारोह में पूर्व सांसद लखन लाल साहू, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


