ताजा खबर

हिंदू संगठनों की ओर से क्रिसमस का विरोध किए जाने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
25-Dec-2025 10:03 PM
हिंदू संगठनों की ओर से क्रिसमस का विरोध किए जाने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिंदू संगठनों की ओर से क्रिसमस का विरोध करने पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा है.

कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह 'बीजेपी सरकार का असली चेहरा' उजागर करता है. इस वीडियो में कुछ लोग क्रिसमस की सजावट में तोड़फोड़ करते दिख रहे हैं.

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यह कोई अकेली घटना नहीं है. देश भर में लोग सिर्फ़ क्रिसमस मनाने के कारण निशाना बनाए जा रहे हैं और डराए जा रहे हैं. जबलपुर और दिल्ली से लेकर छत्तीसगढ़, केरल, ओडिशा और उत्तराखंड तक, और कई अन्य जगहों पर, अल्पसंख्यक समुदायों को संगठित तरीके़ से निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं."

बयान में कहा गया, "इस तरह की घटनाएं हमारे देश की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं, जिसकी पहचान हमेशा एकता और विविधता की ताक़त से रही है."

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी, ये घटनाएं सीधे तौर पर आपकी विचारधारा को दर्शाती हैं. भारत में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को पूरी दुनिया देख रही है."

"हम चुप नहीं रहेंगे. हम नफ़रत और हिंसा के ख़िलाफ़ हर समुदाय के अपने भाई-बहनों के साथ मज़बूती से खड़े हैं."

आरोप है कि बुधवार को रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई.

मैग्नेटो मॉल की मार्केटिंग हेड आभा गुप्ता के अनुसार, "बड़ी संख्या में लाठी और हॉकी स्टिक लेकर लोग मॉल में घुस आए और तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया. वे कर्मचारियों की आईडी देख रहे थे और पूछ रहे थे कि तुम हिंदू हो या ईसाई" (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट