ताजा खबर

सुरक्षा बलों ने गणेश उइके और पांच अन्य माओवादियों के मारे जाने का किया दावा, गृहमंत्री अमित शाह ने क्या कहा?
25-Dec-2025 7:40 PM
सुरक्षा बलों ने गणेश उइके और पांच अन्य माओवादियों के मारे जाने का किया दावा, गृहमंत्री अमित शाह ने क्या कहा?

-आलोक पुतुल

सीपीआई माओवादी की सेंट्रल कमेटी के सदस्य गणेश उइके को सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया है. गणेश उइके के अलावा पांच और माओवादी भी इस मुठभेड़ में मारे गए हैं.

पुलिस का कहना है कि अभी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है.

सीपीआई माओवादी के बचे हुए शीर्ष नेताओं में शुमार गणेश उइके ऊर्फ़ पाका हनुमंथु पर एक करोड़ से ज़्यादा का इनाम था.

ओडिशा के डीआईजी आपरेशंस अखिलेश्वर सिंह ने कहा कि यह आपरेशन स्पेशल इंटेलिजेंस विंग की सूचना पर शुरू किया गया था और हम लगातार संदिग्ध माओवादियों की मानिटरिंग कर रहे थे.

उन्होंने कहा कि गणेश उइके की मौत से माओवादी आंदोलन को बड़ा झटका लगा है.

पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ से सटे ओडिशा के कंधमाल ज़िले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को माओवादियों के ख़िलाफ़ एक अभियान चलाया था.

इस अभियान में ओडिशा पुलिस के स्पेशल आपरेशंस ग्रुप, सीआरपीएफ़ और बीएसएफ़ के जवान शामिल थे.

गुरुवार की सुबह गंजम इलाके़ में संदिग्ध माओवादियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई.

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से 6 माओवादियों के शव बरामद किए हैं. मारे गए माओवादियों में दो छत्तीसगढ़ कैडर के माओवादी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो दोनों राज्यों की सीमा पर सक्रिय थे,

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कंधमाल और उससे सटे इलाक़ों में अभी भी माओवादियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है. अतिरिक्त बलों को इलाके़ में तैनात कर दिया गया है और जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रतिक्रिया दी है.

गृहमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "नक्सल फ़्री भारत की दिशा में एक अहम उपलब्धि."

"ओडिशा के कंधमाल ज़िले में हुई एक बड़ी कार्रवाई में अब तक छह नक्सलियों को मार गिराया गया है. इनमें सेंट्रल कमेटी के सदस्य गणेश उइके भी शामिल हैं."

बयान में कहा गया, "इस बड़ी सफलता के बाद ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की दहलीज़ पर खड़ा है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट