ताजा खबर
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के गठबंधन पर प्रतिक्रिया दी है.
पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने कहा, "वे ऐसा माहौल बना रहे हैं जैसे रूस और यूक्रेन साथ में आ गए हों और जे़लेंस्की और पुतिन बात कर रहे हैं."
दरअसल बुधवार को राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने सियासी गठबंधन की घोषणा की. इसी पर सीएम फडणवीस ने तंज कसा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण दोनों दल खुद को कमज़ोर कर चुके हैं और उन्होंने अपना वोट बैंक खो दिया है.
उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां अपना अस्तित्व बचाने के लिए साथ में आईं हैं और इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ने वाला है.
इस गठबंधन के बाद राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) एक साथ मिलकर नगर निगम चुनाव लड़ेंगी. (bbc.com/hindi)


