ताजा खबर
युवा ही प्रदेश का भविष्य, प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच- मुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 24 दिसंबर। बहतराई स्टेडियम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव का 23 दिसंबर को शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिमोट का बटन दबाकर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़ 2026 की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं और राज्य युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने तथा उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महोत्सव में प्रदेशभर से तीन हजार से अधिक युवा भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी 14 सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें 8 दलीय और 6 एकल विधाएं शामिल हैं। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन की विजेता प्रतिभाएं नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में एक लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रदेश नक्सलवाद से बाहर निकलकर शांति, विकास और सकारात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में खेल की अपार संभावनाएं हैं और सरकार प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़ 2026 के शुभंकर ‘मोर वीर’, थीम सांग और खेलो इंडिया टॉर्च का अनावरण किया गया। महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और एथलेटिक्स खिलाड़ी अमित कुमार ने टॉर्च का अनावरण किया, जो खेलों के माध्यम से “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने खेल अलंकरण समारोह को पुनः शुरू करने, खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने, मलखंब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की सहायता देने और अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखंब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनकी सृजनशील सोच से ही देश आगे बढ़ता है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर में राज्य युवा महोत्सव और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन ऐतिहासिक अवसर है। आने वाले समय में सरगुजा अंचल में भी ओलंपिक का आयोजन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर बदल रहा है और जनजातीय अंचलों के युवा राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
समारोह में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, अनुज शर्मा, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत भाषण खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने दिया।


