ताजा खबर
एक करोड़ 84 लाख के ईनामी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 23 दिसंबर। मंगलवार को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कुल 22 नक्सलियों ने ओडिशाा के डीजीपी के समक्ष मल्कानगिरी जिला मुख्यालय में आत्मसमर्पण किया है। नक्सलियों पर एक करोड़ 84 लाख का ईनाम घोषित था।
सरेंडर करने वाले नक्सलियों में अधिकांश केरलापाल एरिया कमेटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वालों में दोरनापाल एसओएस के कई कमांडर भी शामिल हैं, जिसे सुरक्षा एजेंसियां नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।
जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में केरलापाल, जगरगुंडा एरिया कमेटी व प्लाटून-26 के 19 नक्सली, आंध्र-उड़ीसा बॉर्डर स्पेशल ज़ोनल कमेटी के 3 नक्सली शामिल हैं। इस तरह कुल 22 नक्सलियों ने मल्कानगिरी में सरेंडर किया है।
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने 1 एके-47, 2 इंसास राइफल, 1 एसएलआर सहित कुल 9 हथियार, साथ ही गोला-बारूद व अन्य सामग्री भी सुरक्षा बलों को सौंपी है।
लगातार चल रही सुरक्षा बलों की कार्रवाई, दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। यह आत्मसमर्पण सुकमा, केरलापाल, जगरगुंडा और बॉर्डर इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर निर्णायक असर डालेगा।


