ताजा खबर
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर पड़ोसी देश श्रीलंका के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और प्रधानमंत्री हरिनी अमरासूर्या से मुलाक़ात की.
श्रीलंका में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह से निपटने के लिए विदेश मंत्री जयशंकर ने भारत की ओर से मदद का एलान किया.
उन्होंने बताया, "ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत भारत, श्रीलंका को 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर का रीकंस्ट्रक्शन पैकेज देने के लिए प्रतिबद्ध है."
विदेश मंत्री के मुताबिक़ इस पैकेज में सड़क, रेलवे और पुल कनेक्टिविटी की बहाली, पूरी तरह से नष्ट और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए घरों का निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों के लिए सहयोग और कृषि क्षेत्र के लिए सहयोग शामिल है.
नवंबर महीने के आख़िर में चक्रवाती तूफ़ान दित्वाह की वजह से श्रीलंका में भारी नुक़सान हुआ था. तूफ़ान की वजह से देशभर में 150 से अधिक मौतें हुई थीं.
श्रीलंका के डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर के मुताबिक़, इस तूफ़ान के कारण मची तबाही में 20 हज़ार से अधिक घर नष्ट हो गए थे. एक लाख से अधिक लोगों को सरकारी राहत शिविरों में भेजा गया था. (bbc.com/hindi)


