ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 23 दिसंबर । झीरम घटना को लेकर भाजपा अध्यक्ष नड्डा के कल के बयान के हवाले से बघेल ने कहा, भाजपा की सांठगाठ नक्सलियों के साथ रही है। झीरम घटना को लेकर नरेंद्र मोदी ने तो पंद्रह दिन में पकड़वाने का दावा किया था। एनआईए कोर्ट ने आदेश जारी कर कहा था कि सरेंडर नक्सलियों से पूछताछ की जानी चाहिए, लेकिन आज तक कभी एनआईए के किसी भी अधिकारी ने पूछताछ नहीं की है। हमारी एसआईटी गठन के बाद एनआईए हमारे ख़िलाफ कोर्ट गई थी। झीरम घटना राजनीतिक आपराधिक षड्यंत्र है। कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के नेता समाप्त हो गए और आरोप हमारे ऊपर लगाते हैं।
सर्व समाज के कल 24 छत्तीसगढ़ बंद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सर्व समाज के लोगों को कभी मुख्यमंत्री से मिलने नहीं देते। आज अचानक बंद के आव्हान की कई वजह है। उन्होंने कहा, कांग्रेस धर्मांतरण के खिलाफ है। कांकेर में जो घटना हुई इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।
बघेल ने कहा, इसके पहले कोंडागांव बस्तर में अनेकों बार ऐसी घटनाएं हो चुकी है। कई लोग मरे भी हैं। सरकार क्या कर रही है? छत्तीसगढ़ एक दिन नहीं कई दिन बंद हो, विरोध हो, सब ठीक है, लेकिन सरकार को इसके समाधान पर बात करनी चाहिए। बंद करने से कुछ नहीं होगा।
बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ के एक व्यक्ति की केरल में बांग्लादेशी बताकर हत्या कर दी जाती है, इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? वहां के मंत्री कह रहे कि RSS के लोग मारे हैं। छत्तीसगढ़िया लोगों को मारा जा रहा है और पूरी सरकार चुप बैठी है। भाजपा का दोहरा चरित्र दिखाई देता है।


