ताजा खबर
31 को कैबिनेट में लगेगी मुहर, जनवरी में बैठेंगे कमिश्नर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 दिसंबर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए एक्ट में संशोधन किया जा रहा है। संभवत: कैबिनेट की 31 दिसंबर को बैठक में एक्ट में संशोधन के लिए अध्यादेश पर मुहर लग सकती है। बताया गया कि जनवरी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू हो सकती है, और आईजी स्तर के अफसर पुलिस कमिश्नर के पद पर नियुक्त किया जा सकता है।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने ‘छत्तीसगढ़़’ से चर्चा में बताया कि रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एक्ट में संशोधन किया जा रहा है,जिस पर कैबिनेट की बैठक में मुहर लगेगी। जनवरी में पुलिस कमिश्नर लागू हो जाएगी।
पहले 1 जनवरी से कमिश्नर प्रणाली लागू करने की चर्चा थी, लेकिन कहा जा रहा है कि अब इसमें विलंब हो सकता है। यह तय है कि जनवरी में ही राजधानी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होगी।
यह भी तकरीबन तय हो गया है कि आईजी स्तर के अफसर पुलिस कमिश्नर के पद पर रहेंगे। पुराने पीएचक्यू भवन में पुलिस कमिश्नर दफ्तर लगेगा। कमिश्नर के लिए सेटअप को भी तैयार हो गया है, जिसे कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। बताया गया कि पुलिस कमिश्नर प्रणाली के तहत, पुलिस कमिश्नर को मजिस्ट्रियल पॉवर मिलेगी, जिससे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी। पुलिस कमिश्नर को शस्त्र लाइसेंस जारी करने, धारा 144 लागू करने और कफ्र्यू लगाने की शक्ति होगी।
सीएम विष्णु देव साय ने 15 अगस्त के भाषण में रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की घोषणा की थी। प्रदेश में पुलिस कमिश्नरी मॉडल लागू करने की बात पर काफी पहले से बातचीत हो रही थी। सरकार ने एडीजी प्रदीप गुप्ता की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाई जो मॉडल, रूपरेखा और ड्राफ्ट तैयार करने का काम कर रही इस समिति ने अन्य राज्यों (जैसे ओडिशा, महाराष्ट्र आदि) के मॉडल की समीक्षा कर प्रस्ताव तैयार किया, जिसे राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजा गया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट डीजीपी तथा गृह विभाग को सौंप दी थी।
सूत्रों के मुताबिक कमिश्नर प्रणाली के लिए कानून बनाया गया है ताकि प्रदेश में यह कानूनी रूप से भी लागू हो सके। यह मॉडल पहले से मध्यप्रदेश के चार शहरों के अलावा दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, ओडिशा आदि में लागू है।
आईजी स्तर के नाम चर्चा में है...
रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर के लिए रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा, बिलासपुर आईजी संजीव शुक्ला, दुर्ग आईजी रामगोपाल गर्ग, सरगुजा आईजी दीपक झा के अलावा आईजी अजय यादव के नाम चर्चा में है।


