ताजा खबर
समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़, बांग्लादेश में हिन्दू युवक दीपू चंद्र दास की हत्या और हिन्दुओं पर हिंसा के विरोध में दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर विश्व हिन्दू परिषद और अन्य हिन्दू संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं.
समाचार एजेंसियों ने ऐसे कई वीडियो जारी किए हैं, जिनमें प्रदर्शनकारियों की काफ़ी भीड़ देखी जा रही है.
पीटीआई के मुताबिक़, प्रदर्शन की वजह से बांग्लादेश उच्चायोग में और उसके आसपास अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही कड़ी जांच की जा रही है.
एएनआई के एक वीडियो में पुलिस बैरिकेडिंग के पास प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच खींचतान और धक्कामुक्की देखी जा रही है. एक अन्य वीडियो में भारी संख्या में प्रदर्शनकारी हाथों तख़्तियां लिए नारेबाज़ी करते दिख रहे हैं.
बांग्लादेश के मैमनसिंह ज़िले में धर्म का अपमान करने के आरोप में भीड़ ने एक हिंदू युवक को पीट-पीटकर मार डाला था. यह घटना 18 दिसंबर की है.
पुलिस ने बताया कि युवक को पीट-पीटकर मार डालने के बाद उसके शव को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई थी. पुलिस ने मृतक युवक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की थी. (bbc.com/hindi)


