ताजा खबर

आईएएस सर्वे ने संभाला निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी का प्रभार
23-Dec-2025 11:59 AM
आईएएस सर्वे ने संभाला निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी का प्रभार

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 23 दिसंबर। बिलासपुर नगर पालिक निगम को नया कमिश्नर मिल गया है। आईएएस प्रकाश कुमार सर्वे ने 22 दिसंबर को नगर निगम कमिश्नर और स्मार्ट सिटी मिशन के एमडी के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निगम और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत चल रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी ली।

नवपदस्थ कमिश्नर ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं को तय समय-सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी, ताकि इसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम के सभी कार्य नागरिकों के सहयोग से पूरे किए जाएंगे।

सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का देश में दूसरा स्थान हासिल करना शहर के लिए गर्व की बात है। अब लक्ष्य इसे पहले स्थान पर पहुंचाने का है। कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सभी मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं बिना किसी बाधा के आम नागरिकों तक पहुंचें, इस दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही निगम और स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विकास कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा कराने पर विशेष ध्यान रहेगा।

उन्होंने कहा कि अरपा नदी बिलासपुर की जीवनदायिनी है। इसे प्रदूषण से बचाने और नई पहचान देने के लिए अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना सहित अन्य योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ किया जाएगा।

नवपदस्थ कमिश्नर ने बताया कि निगम सीमा में शामिल हुए नए क्षेत्रों में सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्य कराना भी प्राथमिकता में शामिल है। शहर को और बेहतर बनाने के लिए नागरिकों से सुझाव लेकर काम किया जाएगा। सर्वे ने कहा कि कोई भी काम अकेले संभव नहीं है। बेहतर टीम वर्क और सामूहिक प्रयास से बिलासपुर को और सुंदर व विकसित शहर बनाया जाएगा। इससे पहले प्रभारी कमिश्नर खजांची कुम्हार ने नवनियुक्त कमिश्नर को विधिवत पदभार सौंपा।

 


अन्य पोस्ट