ताजा खबर

राहुल गांधी ने जर्मनी में मोदी सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
23-Dec-2025 9:01 AM
राहुल गांधी ने जर्मनी में मोदी सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जर्मनी में कहा है कि 'भारत में बड़े पैमाने पर रोज़गार सिर्फ़ मैन्युफ़ैक्चरिंग सेक्टर से पैदा हो सकता है और बीजेपी ने इसे पूरी तरह से ख़त्म कर दिया है.'

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने 'अंबानी और अडानी जैसे कारोबारियों के हाथों में पावर सौंप दी' है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में हर्टी स्कूल के कार्यक्रम 'पॉलिटिक्स इज़ द आर्ट ऑफ़ लिसनिंग' में शामिल हुए.

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "भारत में बड़े पैमाने पर रोज़गार पैदा करने का सिर्फ़ एक ही तरीक़ा है, और वो है मैन्युफैक्चरिंग. बीजेपी ने इसे पूरी तरह से ख़त्म कर दिया है. उन्होंने अंबानी और अडानी के हाथों में पावर दे दी है. इनकी दिलचस्पी मैन्युफ़ैक्चरिंग में नहीं है. अगर आप देखेंगे तो ये ट्रेडिंग कंपनियां हैं, न कि प्रोड्यूसिंग कंपनियां. असल में इनमें से ज़्यादातर भारत में चीनी प्रोडक्ट बेच रहे हैं."

राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह एमएसएमई को मज़बूत करने, कृषि में रोज़गार पैदा करने और मैन्युफ़ैक्टरिंग जैसे सेक्टर पर ध्यान देंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में भारत में जीएसटी पूरी तरह से 'उत्पादक विरोधी और उपभोक्ता समर्थक' है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट