ताजा खबर

प्राचार्य पदोन्नति के लिए 24 को इंद्रावती भवन में काउंसिलिंग
22-Dec-2025 8:49 PM
प्राचार्य पदोन्नति के लिए 24 को इंद्रावती भवन में काउंसिलिंग

रायपुर 22 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में प्राचार्य पदोन्नति को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने प्राचार्य (टी संवर्ग) के पद पर पदोन्नत अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर नया पत्र जारी किया है। इस संबंध में डीपीआई ने  सभी संयुक्त संचालकों को पत्र लिखकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। पत्र में रिक्त पदों पर प्राचार्यों की पदास्थापना का आदेश जारी किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पुनरीक्षित डीपीसी बैठक के उपरांत व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) एवं प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला (प्रशिक्षित स्नातकोत्तर) संवर्ग से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य “टी संवर्ग” के पद पर पदोन्नत अधिकारियों की सूची तैयार की गई है। अब इन पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी और इसके पश्चात पदोन्नति-सह-पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे।

डीपीआई के पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना हेतु काउंसिलिंग की प्रक्रिया 24 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह काउंसिलिंग लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़, रायपुर के प्रथम तल, सी-खंड, इन्द्रावती भवन,में प्रस्तावित है।


अन्य पोस्ट