ताजा खबर
'छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 22 दिसंबर। सोमवार शाम बलरामपुर जिला के राजपुर तहसील कार्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने जर्जर और गहरे गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे युवक सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना शाम करीब 5 बजे की है। मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी15 ई 8111 का चालक राजपुर से रामानुजगंज की ओर जा रहा था। जैसे ही वह तहसील कार्यालय के पास पहुंचा, सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और युवक सड़क के बीच गिर गया। उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी15 ईई 2549 ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास भी जारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि सड़क की स्थिति बेहतर होती और गड्ढे नहीं होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
गौरतलब है कि राजपुर शहर की सीमा गेउर नदी से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय तक मानी जाती है, लेकिन इस दायरे में राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। निर्माण में देरी के कारण शहरवासी धूल, बीमारियों और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से परेशान हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण को मानकों के अनुरूप कराने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से एसडीएम एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, इसके बावजूद कार्य की रफ्तार में तेजी नहीं आ पाई है।


