ताजा खबर

आमाबेड़ा हिंसा की उच्च स्तरीय जांच हो, एसपी, एसडीएम ने कोई कार्रवाई नहीं की- जनजाति सुरक्षा मंच
22-Dec-2025 4:34 PM
आमाबेड़ा  हिंसा की उच्च स्तरीय जांच हो, एसपी, एसडीएम ने कोई कार्रवाई नहीं की- जनजाति सुरक्षा मंच

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

रायपुर, 22 दिसंबर ।  सर्व समाज, बस्तर एवं जनजाति सुरक्षा मंच ने सोमवार को रायपुर में एक पत्रकार वार्ता में  आमाबेड़ा (अंतागढ़)घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी ।भीम आर्मी से जुड़े व्हाट्सएप संदेशों एवं वीडियो के माध्यम से भीड़ जुटाने के प्रमाण सामने आए, इसके बावजूद जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। हजारों ग्रामीण शव हटाने की मांग को लेकर एकत्र हुए। पुलिस ने बल प्रयोग मुख्यतः सर्व समाज के ग्रामीणों पर किया  जिससे अनेक लोग घायल हुए।

उन्होंने प्रश्न उठाते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में गंभीर प्रश्न उत्पन्न होते हैं कि पाँचवीं अनुसूची क्षेत्र में बिना ग्राम सभा की अनुमति शव दफन कफ़न कैसे किया गया एवं तथाकथित चर्च किस प्रकार संचालित हो रहे थे? स्थानीय विरोध के बावजूद प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की? संगठित हिंसा के बावजूद आरोपियों पर कठोर चिकित्सकीय दस्तावेज़ों को कमजोर क्यों किया गया?

सर्व समाज, बस्तर की यह स्पष्ट मांग है कि इस संपूर्ण घटनाक्रम की उच्च स्तरीय, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए; जनजातीय आस्था और परंपरा पर हमला करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही इस पूरी घटना में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने वाले जिला पुलिस अधीक्षक, अंतागढ़ एसडीएम, तहसीलदार पर भी जांच बिठाई जाए‌ ताकि इस पूरे घटनाक्रम में उनकी संदिग्ध भूमिका भी उजागर हो सके। यह सर्व समाज की ओर से संवैधानिक अधिकारों और न्याय की रक्षा की एक जिम्मेदार अपील है। लेकिन यदि शासन-प्रशासन सर्व समाज के अधिकारों की एवं संस्कृति की रक्षा करने में असफल होता है, तो समाज अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष करने को बाध्य होगा और इसमें समाज की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।


अन्य पोस्ट