ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 दिसंबर। केरल के पलक्कड़ जिले में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर रामनारायण बघेल की मॉब लिंचिंग से हुई हत्या के मामले में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में महंत ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली बताया और प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केरल सरकार से समन्वय कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, शव को सम्मानपूर्वक छत्तीसगढ़ लाने की व्यवस्था और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद प्रदान करने का आग्रह किया है।
पत्र में डॉ. महंत ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि मृतक के शरीर पर 80 से अधिक गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो अपराध की भयावहता को दर्शाते हैं। उन्होंने मानवीय आधार पर तीन प्रमुख मांगें रखी हैं- पीड़ित परिवार को तत्काल एक्स-ग्रेशिया राशि दी जाए, परिवार के एक पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अंतर-राज्यीय समन्वय तंत्र को मजबूत किया जाए। महंत ने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा और यह संदेश जाएगा कि छत्तीसगढ़ अपने हर नागरिक की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है।


