ताजा खबर
शहद के लालच में भालू 30 फीट ऊंचे टिन शेड पर फंसा
22-Dec-2025 11:34 AM
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 दिसंबर। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में लरकेनी–धनपुर मार्ग पर स्थित श्री साईं फूड प्रोडक्ट राइस मिल में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक भालू मिल परिसर में घुस आया। भालू टिन शेड पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों का शहद खाने के लिए ऊपर चढ़ गया और करीब 30 फीट की ऊंचाई पर जाकर फंस गया।
भालू रात भर मधुमक्खियों के छत्ते के आसपास टिन शेड पर बैठा रहा। सुबह जब मिल के श्रमिक पहुंचे, तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। भालू को देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनज़र मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों को दूर रखा और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
राइस मिल संचालक प्रदीप साहू ने बताया कि सुबह होते ही वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
वन अधिकारियों ने बताया कि सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर भालू को बिना किसी चोट के सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद भालू स्वयं जंगल की ओर चला गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे


