ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 22 दिसंबर। चरित्र सत्यापन के नाम पर अवैध रकम मांगने के आरोप में कोरबा पुलिस अधीक्षक ने जिला विशेष शाखा (डीएसबी) में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई शिकायत की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 20 दिसंबर को दीपक साहू (उम्र 21 वर्ष), निवासी ढोढ़ीपारा रामपुर, कोरबा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि वह एनटीपीसी में हाइड्रा ड्राइवर है। उसे गेट पास के नवीनीकरण के लिए चरित्र सत्यापन प्रतिवेदन है। शिकायत में दीपक ने आरोप लगाया गया कि प्रतिवेदन के बदले कार्यालय में मौजूद एक व्यक्ति ने 1000 रुपये की मांग की। शिकायत को देखते हुए मामले की जांच उप निरीक्षक प्रमोद चंद्राकर से कराई गई। जांच के दौरान आवेदक के कथनों की पुष्टि हुई और शिनाख्ती पंचनामा भी कराया गया।
जांच प्रक्रिया के दौरान गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता ने डीएसबी शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी की पहचान की, जिस पर अवैध रकम मांगी। गवाहों में प्रीतम कुमार पेंद्रो, दीपक तिवारी, नगर सैनिक संतोष सोनवानी सहित अन्य शामिल थे।
मामले में सिद्धार्थ तिवारी, पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा ने 20 दिसंबर को प्रधान आरक्षक सूर्यकांत द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।
प्रकरण की विस्तृत जांच कर पांच दिवस के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।


