ताजा खबर

गलती से चली गोली, डीआरजी जवान की मौत
21-Dec-2025 7:38 PM
गलती से चली गोली, डीआरजी जवान की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 21 दिसंबर।
रविवार सुबह नारायणपुर जिले के  छोटे डोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कड़ेनार पुलिस कैंप के पास गलती से हुई फायरिंग में डीआरजी के एक जवान की जान चली गई। एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन से लौट रही टीम के जवान के साथ से हादसा हुआ।

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, 20 दिसंबर को नारायणपुर जिले के थाना छोटेडोंगर क्षेत्रांतर्गत एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के लिए नारायणपुर डीआरजी की टीम रवाना हुई थी। अभियान पूरा करने के बाद सभी जवान 21 दिसंबर की सुबह कैंप लौट रहे थे। जब टीम कड़ेनार पुलिस कैंप के पास वाहन में सवार हो रही थी, उसी दौरान एक जवान के हथियार से गलती से अचानक फायर हो गया, जिससे नारायणपुर डीआरजी के जवान आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा के सिर के पास गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद साथी जवानों द्वारा डीआरजी जवान बलदेव हुर्रा को धौड़ाई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

हादसे के शिकार हुए जवान बलदेव सिंह हुर्रा का पार्थिव शरीर जिला अस्पताल नारायणपुर लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। इस दौरान मौके पर नारायणपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

घटना को लेकर पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट