ताजा खबर
पीडब्ल्यूडी का 10 फीसदी काम बाकी होने के चलते रुका डीजीसीए में आवेदन की प्रक्रिया
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 21 दिसंबर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग (आईएफआर) सुविधा शुरू होने में हो रही देरी की समीक्षा की। समिति के अनुसार अभी भी पीडब्ल्यूडी विभाग का लगभग 10 प्रतिशत कार्य शेष है। जब तक यह काम पूरा नहीं होता, तब तक एयरपोर्ट प्रबंधन नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के समक्ष नाइट लैंडिंग लाइसेंस के लिए आवेदन प्रस्तुत नहीं कर सकता।
समिति ने मांग की है कि शेष कार्य तत्काल पूरा कर दिसंबर माह में ही डीजीसीए के समक्ष आईएफआर (नाइट लैंडिंग) का आवेदन दाखिल किया जाए। समिति ने कहा कि आवेदन के बाद निरीक्षण और औपचारिकताओं में करीब दो माह का समय लगता है, जिसके चलते फरवरी के अंत या मार्च तक ही लाइसेंस मिल पाने की संभावना बनती है।
समिति ने कहा कि यदि मार्च में समर शेड्यूल लागू होने से पहले नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिल जाता है, तो बिलासपुर से देर रात तक उड़ानें संचालित होने का रास्ता खुलेगा। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इसलिए सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करना अत्यंत आवश्यक है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महा धरना शनिवार व रविवार को जारी रहा।


