ताजा खबर
-प्रभाकर मणि तिवारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक जनसभा में कहा कि पश्चिम बंगाल में 'महाजंगलराज' चल रहा है. उन्होंने इसे खत्म करने के लिए लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील की है.
प्रधानमंत्री मोदी को शनिवार को नदिया जिले में कुछ परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही ताहिरपुर में एक जनसभा को संबोधित करना था. लेकिन घने कोहरे के कारण उनका हेलीकाप्टर सभास्थल के पास नहीं उतर सका.
उसके बाद उन्होंने कोलकाता एयरपोर्ट के लाउंज से ही वर्चुअल तरीके से सभा को संबोधित किया. पीएम मोदी की इस सभा को परिवर्तन संकल्प सभा का नाम दिया गया था.
पीएम मोदी ने आरोप लगाया, "भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सत्ताधारी दल को खुश करने की नीति ने राज्य में विकास को प्रभावित किया है. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील की."
उन्होंने कहा, “हम तृणमूल कांग्रेस के जंगलराज को खत्म करेंगे. बंगाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और तुष्टिकरण की राजनीति का बोलबाला है.”
पीएम मोदी ने कहा, “घुसपैठियों को बचाने के लिए ही ममता बनर्जी की पार्टी यहां स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) का विरोध कर रही है. राज्य के लोग अब तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति चाहते हैं.”
सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य में करीब 32 सौ करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
प्रधानमंत्री ने कहा, "देश अब तेजी से विकास के पक्ष में है. बिहार ने विकास के लिए ही एक बार फिर एनडीए सरकार पर भरोसा जताया है. बिहार ने बंगाल में भाजपा की जीत का रास्ता भी साफ कर दिया है."
उन्होंने कहा कि बंगाल के कोने-कोने से अब 'बांचते ताई, बीजेपी ताई' यानी जीना चाहते हैं इसलिए भाजपा को चाहते हैं, का नारा उठ रहा है.
प्रधानमंत्री ने कहा, "मोदी सरकार आपको लिए बहुत कुछ करना चाहती है. पैसे, योजनाओं और इच्छा की कोई कमी नहीं है. लेकिन राज्य सरकार हमेशा कमीशन लेना चाहती है. अब भी बंगाल के विकास की हजारों करोड़ की परियोजनाएं अटकी हुई हैं." (bbc.com/hindi)


