ताजा खबर
पानी की बौछार के बीच बेरिकेडिंग फांदकर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 28 नवंबर। जिले की जर्जर सड़कों, बिजली बिलों की बढ़ोतरी, जमीन रजिस्ट्री की परेशानियों और किसानों की दिक्कतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसजनों ने गुरुवार को कलेक्टोरेट का घेराव कर प्रदर्शन किया। भीड़ के सामने जिला और पुलिस प्रशासन की तैयारियां कम थी। कांग्रेस कार्यकर्ता बेरिकेडिंग और लोहे की चादरों से बनी अस्थायी दीवारें भी फांदकर सीधे कलेक्टोरेट के मेन गेट तक पहुंच गए।
नेहरू चौक से कलेक्टोरेट की ओर बढ़ रही भीड़ को रोकने पुलिस ने वाटर कैनन से तेज बौछारें चलाईं, लेकिन बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेसजन पानी की बारिश के बीच कलेक्टोरेट परिसर तक पहुंच गए। इस बीच ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। कई घंटों तक गाड़ियां रेंगती नजर आईं और पुलिस को ट्रैफिक सामान्य करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
कलेक्टोरेट घेराव का ऐलान दो दिन पहले ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया था। गुरुवार को दोपहर 12 बजे धरना शुरू होना था, लेकिन नेहरू चौक पर सुबह 11 बजे से ही कांग्रेसजन जुटने लगे थे। धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। धान खरीदी की अव्यवस्था, सड़कें खराब होने, बिजली बिलों में बढ़ोतरी, रजिस्ट्री शुल्क बढ़ने और किसानों पर बढ़ते बोझ जैसे मुद्दों पर नेताओं ने राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया। भाषणों के बीच कांग्रेसजन लगातार नारेबाजी करते रहे।
नेहरू चौक से कलेक्टोरेट के बीच की सड़क पर पुलिस बैरिकेडिंग, लोहे की दीवारें, वाटर कैनन और अश्रु गैस वाहन तैनात थे। लेकिन जैसे ही भीड़ आगे बढ़ी, पुलिस के जवान पीछे हटते चले गए और झूमाझटकी शुरू हो गई। इसी दौरान तेज पानी की मार और अफरातफरी में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी को चोट भी आई। भीड़ इससे नाराज हो गई। कलेक्टोरेट गेट तक पहुंचकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए गए।
कलेक्टोरेट के मेन गेट पर पहुंची भीड़ के बीच एसडीएम मनीष साहू पहुंचे और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय से चर्चा की। इसके बाद कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों को डायवर्ट किया गया था। रतनपुर–कोरबा मार्ग की बसें सेंदरी बाइपास से घुमाई गईं, जबकि रायपुर और नया बस स्टैंड आने-जाने वाले भारी वाहनों को महमंद की ओर मोड़ा गया। मंगला क्षेत्र, नेहरू चौक और व्यापार विहार मार्गों से छोटे-बड़े वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला गया, जिससे शहर में कई घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
कांग्रेस के इस प्रदर्शन में पांच सूत्रीय मांगें रखी गईं हैं- जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली बिल में राहत, धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुधार, जमीन रजिस्ट्री पर लगी पाबंदियां हटाने और गरीबों की पुरानी झोपड़ियों पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई रोकना।



