ताजा खबर
डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस शुक्रवार से, पीएम आ रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को नवा रायपुर में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में होने वाले डीजीपी-आईजी कांफ्रेंस में शिरकत करने पहुंच रहे हैं। कांफ्रेंस में शरीक होने राज्यों के पुलिस अफसरों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। आईबी चीफ तपन डेका यहां पहुंच गए हैं। यही नहीं, केन्द्रीय एजेंसियों के मुखिया भी सुबह यहां पहुंच गए।
कांफ्रेंस 28 से 30 नवंबर तक चलेगा। पीएम मोदी शुक्रवार की रात साढ़े 7 बजे यहां पहुंचेंगे, और वो सीधे नवा रायपुर चले जाएंगे। वो वहां स्पीकर हाऊस में रात्रि विश्राम करेंगे।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल गुरुवार की रात यहां पहुंचे। सभी अफसर अलग-अलग गेस्ट हाउस में रूकेंगे। आईबी चीफ तपन डेका और आईटीबीपी के प्रमुख प्रवीण कुमार यहां पहुंच गए हैं। डेका ने यहां पहुंचने के बाद कांफ्रेंस से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
कांफ्रेंस का उद्देश्य पुलिस के समक्ष आने वाली प्रमुख चुनौतियों से निपटने में हुई प्रगति की समीक्षा करना तथा ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप ‘सुरक्षित भारत’ बनाने के लिए भविष्य का खाका तैयार करना है।
बताया गया कि ‘विकासशील भारत : सुरक्षा आयाम’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद-निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा और पुलिस सेवा में फॉरेंसिक विज्ञान एवं कृत्रिम मेधा के उपयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
बताया गया कि यह सम्मेलन देश भर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा प्रशासकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर स्पष्ट और सार्थक चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण संवादात्मक मंच प्रदान करता है।
बताया गया कि यह पुलिस बलों के सामने आने वाली परिचालनात्मक, संरचनात्मक और कल्याणकारी चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ-साथ अपराध से निपटने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आंतरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए पेशेवर प्रथाओं को विकसित करने और साझा करने में भी मदद करता है।
बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस वार्षिक सम्मेलन में निरंतर रुचि दिखाई है, खुले संवाद को प्रोत्साहित किया है और ऐसा माहौल बनाया है जहां पुलिस व्यवस्था पर नए विचार उभर सकें।
पूरे अभियान की कमान एडीजीपी प्रशिक्षण दिपांशु काबरा के हाथ में है। उनके साथ रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा, पुलिस अकादमी निदेशक आईजी अजय यादव और डीआईजी प्रशांत अग्रवाल, डीआईजी अमित तुकाराम कंबले तथा डीआईजी डॉ. संतोष कुमार सिंह जैसी वरिष्ठ टीम लगी हुई है। सात एसएसपी-एसपी स्तर के अधिकारी और 25 एसपीएस अधिकारी (एएसपी से डीएसपी रैंक तक) सेक्टर-बेस्ड जिम्मेदारियों पर तैनात हैं, जिनमें रूट ऑडिट, तैनाती सत्यापन, रिस्पॉन्स-टीम की तत्परता और सम्मेलन के दौरान संभावित आपात स्थितियों का निपटारा शामिल है।
नवा रायपुर में भारी वाहनों पर रोक
डीजी-आईजी कांफ्रेंस के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को निर्बाध रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रायपुर ने नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध माना एयरपोर्ट से स्पीकर हाउस और आईआईएम को जोडऩे वाले सभी प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा। मोटरयान नियम 1994 के नियम 215 के अन्तर्गत जारी आदेश में परिवहन विभाग, संभागीय कार्यालय, एसडीएम, पुलिस अधिकारियों और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को तत्काल अनुपालन की निर्देशिका भेजी गई है।


