ताजा खबर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने धर्मेंद्र के निधन की ख़बर को अत्यंत दुखद बताया है.
एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है, ''महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं.''
निधन की ख़बर से स्तब्ध हूं- देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय कला क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया है.
उन्होंने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा है, "'शोले', 'धरम वीर', 'चुपके-चुपके', 'मेरा गांव मेरा देश', 'प्रतिज्ञा', 'सीता और गीता', 'ग़ुलामी', 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने दर्शकों के दिलों पर सालों तक राज किया. एक ही वर्ष में 9 हिट फ़िल्में देने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है. इन फिल्मों में उनके संवाद आज भी हमारे ज़ेहन में हैं और हमेशा रहेंगे.''
ममता बनर्जी ने ऐसे याद किया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी धर्मेंद्र के देहांत पर गहरा दुख जताया है.
उन्होंने लिखा है, ''भारतीय सिनेमा में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा.''
''उनके परिवार प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. हेमा मालिनी जी, उनके बेटे और बेटियां अब उनकी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाएंगे.''
नीतीश कुमार ने जारी किया बयान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए धर्मेंद्र के निधन को दुखद बताया है.
उन्होंने अपने बयान में लिखा, ''यह कला एवं फ़िल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि.'' (bbc.com/hindi)


