ताजा खबर

केरल में 12-14 जून के दौरान भारी बारिश का अनुमान : आईएमडी
12-Jun-2026 9:50 PM
केरल में 12-14 जून के दौरान भारी बारिश का अनुमान : आईएमडी

तिरुवनंतपुरम, 12 जून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि केरल के कुछ हिस्सों में दिन के दौरान तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि सप्ताहांत में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी ने शुक्रवार के लिए कन्नूर जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा राज्य के आठ अन्य जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, ‘ऑरेंज अलर्ट’ का अर्थ है कि किसी क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा होने की संभावना है, जबकि ‘येलो अलर्ट’ छह सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा की आशंका को दर्शाता है।

आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने सप्ताहांत के दौरान केरल के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग ने खराब मौसम और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार और शनिवार को केरल, कर्नाटक तथा लक्षद्वीप तटों के आसपास मछली पकड़ने की गतिविधियां नहीं करने की भी चेतावनी दी है। (भाषा)


अन्य पोस्ट