ताजा खबर

ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस
12-Jun-2026 10:21 PM
ओवरब्रिज निर्माण में देरी पर ठेकेदार को नोटिस

साव ने निरीक्षण के दौरान जताई थी नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जून।  बस्तर की निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की धीमी प्रगति को लेकर ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। श्री साव ने 6 जून को अपने बस्तर प्रवास के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशलूर-जगदलपुर मार्ग में किरंदुल-विशाखापट्टनम रेलवे लाइन के ऊपर बन रहे फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार और अधिकारियों को फटकार लगाई थी तथा अनुबंध के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।

लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा निर्माण एजेंसी मेसर्स अशोक कुमार मित्तल को जारी नोटिस में कहा गया है कि साइट उपलब्ध होने के बावजूद मैनपावर, सामग्री और मशीनरी की अपर्याप्त व्यवस्था के कारण परियोजना निर्धारित समयसीमा से पीछे चल रही है। निर्माण कार्य स्वीकृत कार्यक्रम और तय माइलस्टोन के अनुरूप नहीं है। विभाग द्वारा लगातार समीक्षा और कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है। केशलूर के पास 69 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस रेलवे ओवरब्रिज के संबंध में विभाग ने ठेकेदार को पर्याप्त संसाधन जुटाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि कार्य प्रगति में शीघ्र और उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट