ताजा खबर
छुट्टी के पहले गायत्री मंत्र का सामूहिक वाचन भी..
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जून। प्रदेश के शासकीय और निजी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र से राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राज्यगीत तथा सरस्वती वंदना अनिवार्य किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस सिलसिले में आदेश जारी कर दिए हैं, और इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग से जारी आदेश में कहा गया कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना के विकास के उद्देश्य से विद्यालयों में प्रतिदिन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निर्देशों के तहत विद्यालय प्रारंभ होने पर आयोजित प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र तथा महापुरुषों की जीवनी का वाचन कराया जाएगा। मध्याह्न भोजन के समय विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया जाएगा। यही नहीं,विद्यालय की छुट्टी के समय राज्यगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का सामूहिक वाचन कराया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग कहना है कि इन गतिविधियों के नियमित संचालन से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास होगा तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर गतिविधियों के संचालन की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित व्यवस्था के पालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य अथवा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


