ताजा खबर
भुवनेश्वर, 12 जून। ओडिशा के सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में किंडरगार्टन से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक मुफ्त पढ़ाई होगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को यहां यह घोषणा की।
माझी ने ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक सवांददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस कदम से राज्य के सभी विद्यार्थियों, विशेषतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और लड़कियों को फायदा होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षा को वास्तव में निशुल्क और सबके लिए सुलभ बनाने के लिए, मेरी सरकार किंडरगार्टन से लेकर स्नातकोत्तर तक की शिक्षा को पूरी तरह मुफ्त करने की घोषणा कर रही है। शायद, शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा कदम पूरे देश में पहली बार ओडिशा में उठाया जा रहा है।’’
माझी ने कहा कि यह फैसला राज्य के युवाओं की नींव को मजबूत करेगा और दीर्घ कालिक विकास में योगदान देगा। (भाषा)


