ताजा खबर

बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने के आरोप में ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
12-Jun-2026 9:50 PM
बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने के आरोप में ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

कोलकाता, 12 जून। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति ने नेताजी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नौ मार्च को कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान बनर्जी की टिप्पणियां ‘‘समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने वाली’’ थीं।

अधिकारी ने बताया कि मामला शुरू में ‘शून्य प्राथमिकी’ के तौर पर दर्ज किया गया था और इसे हेयर स्ट्रीट पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है, क्योंकि जिस जगह पर टीएमसी प्रमुख ने कथित तौर पर ये टिप्पणियां की थीं, वह इसी थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।

उन्होंने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता का आरोप है कि बनर्जी के बयानों से शांति भंग हो सकती है और सांप्रदायिक सद्भाव व लोकतांत्रिक मूल्यों पर बुरा असर पड़ सकता है।’’

कोलकाता पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिली और प्रक्रिया के अनुसार उस पर कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘हम आरोपों की जांच-पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई करेंगे।’’ (भाषा)


अन्य पोस्ट