ताजा खबर
.jpeg)
‘कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम कर रही है, पुत्र मोह में कई साम्राज्य डूबे, बघेल भी वही कर रहे’
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 जुलाई। विधायक व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस और भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे प्रदेश की जनता को परेशान कर भ्रष्टाचारियों को बचाने का काम कर रही है।
अमर अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का कांग्रेस में कोई पद नहीं है, फिर भी पूरे संगठन को उनके समर्थन में सड़कों पर उतार दिया गया है। यह पुत्र मोह नहीं, बल्कि पूरी पार्टी को व्यक्तिगत रक्षा कवच में झोंकने जैसा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है, पुत्र मोह ने कई साम्राज्य डुबोए हैं, भूपेश बघेल भी उसी रास्ते पर चल पड़े हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस कोल ब्लॉक आवंटन, पेड़ कटाई और अडानी को लेकर झूठ फैला रही है, जबकि सच्चाई यह है कि खुद भूपेश बघेल सरकार ने पर्यावरण मंजूरी के लिए सिफारिशें भेजीं और अडानी को खदान संचालन सौंपा। उन्होंने बताया कि 2019 से 2023 तक की कई अहम फाइलों और आदेशों में यह स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार ने तारा, परसा और गारे-पेलमा कोल ब्लॉकों के लिए न सिर्फ अनुमति दी बल्कि कटाई की प्रक्रिया को आगे भी बढ़ाया।
अग्रवाल ने कहा कि 2010 में केंद्र की कांग्रेस सरकार ने हसदेव अरण्य को नो-गो जोन घोषित किया था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसे 'गो एरिया' में तब्दील कर दिया गया। तब के पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने नियमों को ताक पर रखकर यह निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के दबाव में छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने कोल ब्लॉक आबंटन में तेजी लाई और अडानी को गारे पेलमा सेक्टर-2 का संचालन सौंपा। दस्तावेजों से यह स्पष्ट है कि पेड़ों की कटाई और वन स्वीकृति के हर चरण में भूपेश सरकार की भूमिका थी।
अमर अग्रवाल ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस मनमोहन सिंह सरकार के समय कोल ब्लॉक और पर्यावरण निर्णयों के लिए माफी मांगेगी? क्या कांग्रेस अब बिजली का उपयोग नहीं करेगी, जैसा भूपेश बघेल ने विरोधियों से कहा था और क्या कांग्रेस हर भ्रष्ट आरोपी के साथ ऐसे ही खड़ी रहेगी?
उन्होंने कहा कि आज जब अडानी के खिलाफ बोलने पर बेटे की गिरफ्तारी का रोना रोया जा रहा है, तो यह याद दिलाना ज़रूरी है कि हसदेव में जंगल बचाने की बात करने वालों को खुद बघेल ने तंज कसकर चुप कर दिया था। वे कहते थे कि बिजली चाहिए तो कोयला खदान चाहिए, जंगल के प्रेमी अपने घर की बिजली बंद कर दें। अब क्या वे खुद अपने घर की बिजली बंद करेंगे?
प्रेस वार्ता में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा, समदरिया किशोर राय और दुर्गेश पांडे भी उपस्थित रहे।