ताजा खबर

बेमेतरा और नवागढ़ थाने को सूचित किया था लेकिन...
13-Jul-2025 4:54 PM
 बेमेतरा और नवागढ़ थाने को सूचित किया था लेकिन...

पथराव की घटना के बाद सीएम-डिप्टी सीएम की आरंग विधायक से चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

रायपुर, 13 जुलाई। नवागढ़ के पास पत्थरबाजी की घटना के बाद सीएम विष्णुदेव साय, और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भाजपा विधायक गुरु खुशवंत साहेब से बातचीत की है। उन्होंने विधायक की गाड़ी में पथराव की घटना की जानकारी ली है। आरंग विधायक ने कहा कि कार्यक्रम निपटने के बाद बेमेतरा और नवागढ़ थाने की सूचित किया गया था बावजूद इसके कोई सुरक्षा उपलब्ध न कराया जाना आश्चर्यजनक है।

नवागढ़ के चारबासा बायपास सडक़ पर शनिवार की रात आरंग विधायक गुरू खुशवंत साहेब की गाड़ी में पत्थरबाजी हुई थी। इस घटना में विधायक की गाड़ी के शीशे टूट गए। इस पूरे मामले में भाजपा विधायक गुरू खुशवंत ने छत्तीसगढ़ से चर्चा में कहा कि वो सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने दौरे पर जाते हैं, तो स्थानीय पुलिस व प्रशासन को सूचित कर दिया जाता है। नवागढ़ आने से पहले सूचना दे दी गई थी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम निपटने के बाद जाने से पहले नवागढ़ और बेमेतरा थाने को सूचित कर दिया गया था मगर घटनास्थल के आसपास पर कोई नहीं पहुंचा। यह एक गंभीर चूक दिखती है। भाजपा विधायक ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर सीएम विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने फोन पर बात की है। स्थानीय विधायक और सरकार के मंत्री दयालदास बघेल का भी फोन आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाजपा विधायक ने यह भी बताया कि पहले भी उनकी तरफ से अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की गई थी। इस दिशा में आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

 

सरकार के खिलाफ आक्रोश-बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरंग विधायक की गाड़ी में पथराव की घटना पर कहा कि सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में आक्रोश फैला हुआ है।

कल आरंग के विधायक गुरू खुशवंत के वाहन पर पथराव हुआ। दो दिन पहले केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू का काफिला जनता ने रोक कर आक्रोश प्रकट किया, नारेबाजी किया। उसके तीन दिन पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के काफिले को जनता ने घंटों रोक रखा।

यह घटनाएं बताती है कि सरकार जनता में पूरी तरह अलोकप्रिय हो चुकी है। जनता सरकार खिलाफ सडक़ों पर उतर रही है। 

यह घटना यह भी बताती है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था कितनी जर्जर हो चुकी है कि विधायक मंत्री भी सुरक्षित नहीं है।


अन्य पोस्ट