ताजा खबर

जब किसान बने सीएम बघेल, माटी पूजन कर खेत भी जोता
03-May-2022 3:23 PM
जब किसान बने सीएम बघेल, माटी पूजन कर खेत भी जोता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 मई।
धरती और प्रकृति की रक्षा करने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज छत्तीसगढ़ में माटी पूजन महाभियान की शुरुआत की। इसके अंतर्गत राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। बघेल ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के खेत में ठाकुरदेवता की पूजा अर्चना कर खेती-किसानी के नए कामों की शुरुआत की और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। बघेल ने विश्वविद्यालय के खेत में हल और ट्रेक्टर चलाकर बीजों का रोपण भी किया।
 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माटी पूजन के दौरान सबसे पहले कोठी से अन्न लेकर ठाकुर देव को अर्पित किया। यहां परम्परागत तौर पर उन्होंने अन्न के दोने को बैगा को सौंपा। इस अन्न को ठाकुर देव के सामने रखकर अन्न पूजा किया। इस अन्न दोने से बीजहा लेकर खेत में बीजारोपण किया जाएगा।

बघेल ने इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन और जैविक दूध उत्पादन के लिए डेयरी का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने डॉपलर वेदर राडर की स्थापना के लिए भी शिलान्यास किया। इस पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी मौजूद थे। सीएम ने वहां मौजूद लोगों को धरती माता की शपथ दिलाई। इसमें उन्होंने खेतों और बगीचों में रासायनिक खाद के बजाए जैविक खाद का उपयोग करने की कसम खाई। इसके बाद सभी ने जय भुईयां, जय छत्तीसगढ़ महतारी का नारा लगाया।

 


अन्य पोस्ट