ताजा खबर

राज्य की कांग्रेस सरकार ने पांच लाख परिवारों से छल किया- विष्णुदेव
02-May-2022 6:18 PM
राज्य की कांग्रेस सरकार ने पांच लाख परिवारों से छल किया- विष्णुदेव

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राज्य कर्मचारियों का पांच फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पांच लाख परिवार के 25 लाख लोगों के भरोसे को तोड़ा है। उनके साथ छल किया है। महंगाई भत्ता 17 प्रतिशत की जगह पांच फीसदी  बढ़ाना राज्य कर्मचारियों के साथ अन्याय है। राज्य सरकार को केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता देने की मांग करते हुए श्री साय ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने केंद्र के मुकाबले 12 फीसदी कम महंगाई भत्ता देना तय किया है। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को सिर्फ पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने बमुश्किल तैयार हुई है। यह वृद्धि ऊंट के मुंह में जीरा वाली स्थिति के जैसी है।

 साय ने कहा कि मुख्यमंत्री  ने राज्य के कर्मचारियों को सपने दिखाए। उनसे किये गए वादे पूरे करने की बजाय उनका शोषण कर रहे हैं। महंगाई भत्ता बढ़ाने की कर्मचारियों की लंबे समय से की जा रही मांग को लटकाते रहे। कहा गया था कि जल्द ही खुशखबरी मिलेगी। अब यह खुशखबरी है या राज्य की सेवा में लगे कर्मचारियों तथा उनके परिवार के लिए हताश निराश कर देने वाला फैसला है कि हर मौके बेमौके केंद्र पर दोष मढ़ने वाले मुख्यमंत्री ने अपने कर्मचारियों का मामूली सा भत्ता बढ़ाया है। जबकि कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता बढ़ने की उम्मीद थी।


अन्य पोस्ट