ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 20 मार्च। होली की रात शराब पीकर पहुंचे पति ने पहले अपने बच्चों को पीटा फिर पत्नी पर पत्थर फेंक दिया। निशाना चूक गया और पत्नी ने उसी पत्थर को उठाकर पति की हत्या कर दी।
कोटा थाना इलाके के नेवसा की यह घटना है। मृतक देवी राम यादव (36 वर्ष) डेयरी का काम करता है। होली की रात करीब 9 बजे वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और बच्चों को पीटने लगा। पत्नी ने जब ऐसा करने से मना किया तो देवी राम ने एक पत्थर उठा लिया और अपनी पत्नी संतोषी यादव (24 वर्ष) पर हमला कर दिया। निशाना चूक जाने के कारण संतोषी को चोट नहीं लगी लेकिन उसने पत्थर को उठा लिया और उसी से अपने पति के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के 5 बच्चे हैं, जिनमें 17 और 15 साल की दो लड़कियां है। बच्चों की नानी भी साथ में रहती हैं, जो 70 साल की है।


