ताजा खबर

नक्सल विस्फोट, एक जवान शहीद, एक जख्मी
14-Mar-2022 11:55 AM
 नक्सल विस्फोट, एक जवान शहीद, एक जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 14 मार्च।
आज जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में विस्फोटक की चपेट में आने से 1 जवान शहीद हो गया, वहीं एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के बाद नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार और नक्सल ऑपरेशन एएसपी वाय. अक्षय कुमार मौके पर हैं।
सोमवार को नारायणपुर जिले के थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत थाना सोनपुर से ढोंडरीबेड़ा के मध्य रोड निर्माण कार्य की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी 53 बटालियन की पार्टी रवाना हुए थे।

सुबह लगभग 8.30 बजे आईईडी ब्लास्ट में आईटीबीपी के एएसआई राजेंद्र सिंह शहीद हो गए, वहीं हेड कांस्टेबल महेश घायल हो गए। दोनों जवान आईटीबीपी 53वीं बटालियन के हैं।

ज्ञात हो कि बस्तर संभाग में नक्सली लगातार कायराना हरकत कर रहे हैं। रविवार सुबह सुकमा के चिचोरगुड़ा के जंगलों में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं। वहीं शुक्रवार की तडक़े नैमेड़ थाना क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर व बीजापुर से करीब 30 किलोमीटर दूर  कैका व मोसला के जंगलों में पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई थी, जिसमें सुरक्षाबल के जवानों ने एक ईनामी नक्सली को मार गिराया है, वहीं आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से सुरक्षाबल का एक जवान भी घायल हो गया था। घटनास्थल से नक्सली शव सहित हथियार पि_ू व नक्सली सामग्री बरामद की गई थी।


अन्य पोस्ट