ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 मार्च। आज सुबह सुकमा के चिचोरगुड़ा के जंगलों में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो जवान घायल हुए हैं। घायल जवानों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डीआरजी की टीम रविवार सुबह केरलापाल थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनकी तलाश में निकली थी। चिचोरगुड़ा गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों को अपनी ओर आता देख फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने सूझबूझ दिखाते हुए भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों पर जवाबी कार्रवाई की।
बताया जाता है कि सुबह 10 बजे करीब एक से डेढ़ घंटे तक मुठभेड़ चली। जवाबी फायरिंग के बाद नक्सली जवानों को अपने ऊपर हावी होता देख जंगलों का सहारा लेते हुए मौके से भाग खड़े हुए।
मुठभेड़ में दो जवान चमरू राम पोयाम, नेहरुलाल कश्यप को मामूली चोट आई है। उनको जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं मुठभेड़ के बाद इलाके में खोजबीन जारी है।


