कोरिया

कटगोड़ी हत्याकांड: करणी और शिव सेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
20-Jun-2026 2:33 PM
 कटगोड़ी हत्याकांड: करणी और शिव सेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बैकुंठपुर,20 जून। कोरिया जिले के चर्चित कटगोड़ी हत्याकांड में दोषियों परकड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। रायपुर से पहुंचे करणी सेना और शिव सेना के पदाधिकारियों ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।

पीडि़त परिवार से मिलने के बाद करणी सेना और शिव सेना के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने तथा दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई है। संगठनों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।

ज्ञात हो कि कटगोड़ी में रेत कारोबार को लेकर हुए खूनी संघर्ष में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को फॉच्र्यूनर कार में आग लगाकर मार डाला था, जबकि दो गंभीर घायलों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं कई अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


अन्य पोस्ट